पकड़ौआ विवाह: इलाज करने निकला था डॉक्टर, लड़की वालों ने अपहरण कर ब्याह दी बेटी, देखें Video

‘पकड़ौआ विवाह’ यानि लड़के का अपहरण कर उसकी जबरन शादी करवाना, ये नजारा आप ने फिल्मों में कई बार देखा होगा। वहीं बिहार में तो ऐसी घटनाएं गांव देहातों में होती रहती है। हाल ही में ताजा मामला बेगूसराय में देखने को मिला है। यहां जानवरों के एक डॉक्टर का पकड़ौआ विवाह हो गया। अभी तक दूल्हा बने डॉक्टर का कोई अता पता भी नहीं है। अब परिजन न्याय की गुहार लगाते हुए थाने पहुंचे हैं।
इलाज करने निकला था डॉक्टर, हो गया पकड़ौआ विवाह
दरअसल ये अनोखा मामला बेगूसराय के तेघरा थाना क्षेत्र के पिढोली गांव का है। यहां रहने वाले सुबोध कुमार झा का बेटा सत्यम कुमार जानवरों का डॉक्टर है। वह सोमवार (13 जून) मवेशियों का इलाज करने घर से निकला था। लेकिन फिर वापस नहीं आया। डॉक्टर के पिता का आरोप है कि उनके बेटे का जबरन विवाह किया गया है। इसकी शिकायत में उन्होंने पुलिस को लिखित में आवेदन भी दिया है।
पीड़ित के पिता ने बताया कि उनके बेटे सत्यम कुमार को हसनपुर गांव के विजय सिंह ने मवेशी का इलाज करने बुलाया था। लेकिन वहां उसका अपहरण किया गया और फिर जबरन शादी करवा दी गई। हालांकि पुलिस अभी ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये सच में जबरन विवाह था या डॉक्टर ने अपनी मर्जी से ही शादी की। डॉक्टर को खोजने के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी भी कर रही है। हालांकि अभी तक उन्हें कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस कर रही लापता दूल्हे की तलाश
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि डॉक्टर सत्यम की एक लड़की से शादी कराई जा रही है। दूल्हा बना सत्यम इतना ज्यादा तैयार नहीं है। हालांकि लड़की फुल शादी के जोड़े में है।
पुलिस इस वीडियो की भी जांच कर रही है। एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई सत्यम की बरामदगी के बाद सामने आ जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बता दें कि बिहार में बंदूक की नोक पर शादी करवाने का मामला कोई नया नहीं है। इसका इतिहास काफी पुराना रहा है। खासकर 70-80 के दशक में ऐसा बहुत होता था। बेगूसराय में भी ऐसे कई मामले देखने को मिलते थे। 80 के दशक में ‘पकड़ौआ विवाह’ का इतना खौफ था कि कुंवारे लड़कों ने घर से निकलना तक बंद कर दिया था। बेगूसराय में पकड़ौआ विवाह साल 2000 तक अधिक होते रहे। फिर मामलों में कमी देखी जाने लगी।
यहां देखें पकड़ौआ विवाह का वीडियो